महासमुंद : क्षेत्र में भाजपा की अब तक की सबसे बड़ी जीत - योगेश्वर राजू सिन्हा
महासमुन्द विधानसभा क्षेत्र से 21 हजार 755 मतों की शानदार बढ़त हासिल कर भाजपा ने क्षेत्र में अपने बढ़ते जनाधार का प्रमाण दिया है। क्षेत्र की जागरूक जनता विकास का पक्षधर है। इस जनमत से यह साबित हो गया है कि जात-पात की राजनीति अब नहीं चलने वाली है। चाहे विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा का चुनाव परिणाम, जनता ने राष्ट्रहित, विकास और सुशासन पर भरोसा जताया है। जात-पात में भेदभाव करने वाले और पक्षपातपूर्ण राजनीति करने वालों को जनता ने दरकिनार करते हुए बता दिया है कि जनहित के सरोकार ही सर्वोपरि है।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि केंद्र और राज्य में समान विचारधारा वाली डबल इंजन की सरकार होने से विकास को अब और गति मिलेगी। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़कर दम तोड़ रही क्षेत्र की महत्वाकांक्षी परियोजनाओ को हम मिल-जुलकर पूरा कराएंगे। यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। भाजपा की इस जीत से कांग्रेस का गढ़ माना जाने वाले महासमुन्द संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मिथक टूटी है। सामान्य सीट से महिला सांसद को प्रतिनिधित्व देकर भाजपा ने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत दिलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती का परिचय दिया है।