news-details

महासमुंद : विधायक जनदर्शन में मांगों का अम्बार, रोज दो घंटे लगेगा जनता दरबार, जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का प्रयास

11 से 01 बजे तक रोज लगेगा जनता दरबार

महासमुन्द । सरकार के 6 महीने के कार्यकाल में आधा समय लोकसभा चुनाव में बीत गया। आदर्श आचार संहिता लागू होने की वजह से जनसमुदाय की मांगों और समस्याओं का निवारण कुछ महीनों से लंबित है। इसके त्वरित निवारण की दिशा में महासमुन्द विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सचेत हैं। बीते तीन दिनों से लगातार विधायक कार्यालय में वे रोज 2-3 घंटे जनदर्शन में जन समस्याएं सुन रहे हैं और त्वरित निवारण के लिए संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों को निर्देशित कर रहे हैं। शासन-प्रशासन में पारदर्शिता के साथ सुचिता के लिए विधायक की पहल की जनसामान्य में सराहना हो रही है।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने बताया है कि आवश्यक बैठक और विषम परिस्थितियों को छोड़कर वे रोज पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 01 बजे तक विधायक कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस बीच विधानसभा क्षेत्र का निवासी कोई भी आम नागरिक उनसे मिलकर अपनी बात कह सकते हैं। जनदर्शन का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाना है। आम आदमी को छोटे-छोटे काम के लिए भटकना न पड़े, कर्मचारी-अधिकारी नियम-कानून का अड़ंगा लगाकर जनसामान्य को परेशान न करें। इसकी अब सतत निगरानी की जाएगी। आम आदमी को परेशान कर शासन की छवि धूमिल करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि क्षेत्र के किसान, गरीब, मजदूर और अंतिम छोर के व्यक्ति को कोई परेशानी न हो, यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं को जमीनी स्तर पर हितग्राहियों को लाभान्वित करने संबंधित अधिकारी कमर कस लें। इसमें लापरवाही नहीं चलेगी।

किसानों की समस्याओं पर संवेदनशील पहल


आज जनदर्शन में पहुंचे ग्राम कनेकेरा के किसानों ने खाद भंडारण केंद्र में खाद वितरण नहीं किये जाने की समस्या बताई। इससे किसानों को परेशान हो रही है। ग्राम पचरी में लो वोल्टेज की समस्या है, इसके निवारण के लिए विद्युत वितरण कम्पनी के उच्चाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। ग्राम अछोला में टीन शेड निर्माण, बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य, नवीन धान खरीदी केंद्र आदि की मांग आयी है।

ग्राम बोरियाझर में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, ग्राम चुहरी में स्कूल भवन निर्माण, बोरिद से चुहरी सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता में कमी होने पर सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी दी। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य का खुद भी अवलोकन करने की बात कही। ग्राम सोरिद में सीसी रोड निर्माण, ग्राम चोरभट्टी में स्कूल में अहाता निर्माण, नहर नाली निर्माण, ग्राम मोंगरा में बोर खनन के लिए मांग पत्र ग्रामीणों और पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों ने सौंपा है।

ग्राम बोरिद में हाथी विचरण से किसानों को हुए नुकसान के मुआवजा वितरण में हीलाहवाला करने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई। उन्होंने किसानों को क्षतिपूर्ति राशि का त्वरित भुगतान करने निर्देशित किया। इसी प्रकार ग्राम कोसरंगी में सामुदायिक भवन निर्माण, नया बोर खनन, पंचायत सचिव का स्थानांतरण करने, ग्राम चुहरी में शाला भवन निर्माण, ग्राम अछोली में भवन निर्माण की मांगें की गई। मुड़ियाडीह में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने की मांग ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर किया है।




अन्य सम्बंधित खबरें