महासमुंद : श्री रामलला दर्शन के लिए अयोध्या धाम रवाना हुए तीर्थयात्री, विधायक ने दी शुभकामनाएं
महासमुंद : श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना के तहत आज महासमुंद से अयोध्या के लिए तीर्थ यात्री भगवान श्री रामलला के दर्शन के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विधायक कार्यालय परिसर में यात्रियों को तिलक लगाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। तीर्थ यात्रियों को रवाना करते हुए उन्होंने कहा कि 500 वर्षों से देश के लोगों को राम मंदिर बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। इसके बाद श्री रामलला अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में विराजमान हुए। मंदिर बनने के बाद श्री रामलला के दर्शन करने के लिए इच्छुक राज्य के श्रद्धालुओं को रामलला दर्शन योजना का लाभ मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ के लोगों को अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर के दर्शन कराने की मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कदम उठाया है। इस योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड के तीर्थयात्री लाभान्वित हुए हैं। सालों प्रतीक्षा करने के बाद यह अवसर आया है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को श्री रामलला का दर्शन लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। आगे भी इस योजना के तहत राज्य के लोग निरंतर अयोध्या धाम का दर्शन करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेतागण पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, चंद्रहास चंद्राकर, रमेश साहू, निरंजना शर्मा, प्रकाश शर्मा, प्रदीप चंद्राकर, पवन पटेल, मीना वर्मा, झनक लाल साहू, बंटी शर्मा, पप्पू ठाकुर उपस्थित रहें।