प्रेम प्रसंग के चलते पूर्व सरपंच के पति की हत्या
मध्य प्रदेश के इंदौर में दो दिन पहले हुई सरपंच पति दिलीप बुंदेला की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि अवैध संबंध के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया था. महू के सिमरोल थाना क्षेत्र के चोरल और सुरतीपुरा के जंगलों में बीते दिनों भाजपा नेता और पूर्व सरपंच पति का शव पड़ा मिला था.
7 जुलाई को दिनेश बुंदेला ने सिमरोल थाना में सूचना दी कि उसका छोटा भाई दिलीप बुदेला सुबह 9 बजे घर से जंगल में गाय ढूंढने गया था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा. पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी. 8 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि सुरतीपुरा के जंगल में दिलीप की लाश पड़ी है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि दिलीप की हत्या धारदार हथियार से की गई है. शक के आधार पर पुलिस ने दयाराम को हिरासत में लिया और उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो सारा मामला खुलकर सामने आ गया. आरोपी दयाराम ने बताया कि दिलीप के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे. इस बात का पता लगने पर उसने हत्या की योजना बनाई.