महासमुंद : प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ ने अपनी मांगों को लेकर व... - CG Sandesh

महासमुंद : प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ ने अपनी मांगों को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन

महासमुंद। प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ के सदस्यों ने रविवार को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मुलाकात की। संघ के सदस्यों ने अपनी मांगों से विधायक को अवगत कराया और उनकी मांग शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए निवेदन किया। इस पर विधायक सिन्हा ने उनकी मांगों को लेकर गंभीरता से चर्चा कर आगे शासन स्तर पर रखने का आश्वासन दिया।

शिक्षकों ने बताया कि मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल के आदेश क्र. एफ-1-179/94/20-1 भोपाल, दिनांक 24 जनवरी 1998 के अनुसार उनकी नियुक्ति नियमित पदों के विरूद्ध की गई एवं 2001 में नियमित किया गया। 1 जुलाई 2018 को शिक्षा विभाग में संविलियन किया गया। यह भी बताया कि वर्ष 1952-53 से 1963 तक पूर्व में जनपदों/ स्थानीय निकायों द्वारा नियुक्त शिक्षकों को 01.10.1963 को संविलियन किया गया था। 

इन शिक्षकों को नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर पेंशन का लाभ दिया गया। उनकी नियुक्ति भी जनपदों / स्थानीय निकायों द्वारा की गई है। भारत सरकार के आदेश के तहत भी 2004 के पूर्व नियुक्त अनियमित कार्यभारित/आकस्मिक/संविदा/ अंशकालीन कर्मचारियों का 2004 के बाद शासकीयकरण हुआ है। ऐसे समस्त कर्मचारियों को उनके प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर पुरानी पेंशन का सकल लाभ दिया जा रहा है। किन्तु 1998-99 एलबी संवर्ग शिक्षकों को आज पर्यंत तक इसका लाभ नहीं मिला है। इसलिए उनकी मांग है कि 2004 के पूर्व शिक्षक एलबी संवर्ग को उनकी नियुक्ति तिथि 1998-99 से सेवा गणना करते हुए छ.ग. सिविल सेवाएं (पेंशन) नियम 1976 के तहत पुरानी पेंशन का संवैधानिक अधिकार प्रदान करते हुए आदेश जारी किया जाए।


अन्य सम्बंधित खबरें