CG : सरकारी डॉक्टर ने की रिश्वत की मांग, नोटिस जारी - CG Sandesh

CG : सरकारी डॉक्टर ने की रिश्वत की मांग, नोटिस जारी

बिलासपुर जिले से एक सरकारी डॉक्टर द्वारा रिश्वत लेने का वीडियो सामने आया है. मामला सरकंडा स्थित शासकीय आयुर्वेद अस्पताल का बताया जा रहा है. जहां डॉक्टर ने इलाज के बाद मरीज से 3 हजार रुपए रिश्वत की मांगी थी. जिसका स्टिंग वीडियो बनाकर मरीज के भाई ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

बता दें कि डॉक्टर बृजेश सिंह पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने मरीज के फिस्टुला का इलाज करने के बाद पैसे की मांग की. वायरल वीडियो में डॉक्टर बृजेश सिंह और उनके सहयोगी इलाज के बदले पैसे मांगते दिख रहे हैं.

तिफरा का रहने वाला शिकायतकर्ता हितेश साहू मरीज जयंत साहू का भाई है. हितेश ने बताया कि सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने उन्हें महंगी दवाई और ऑपरेशन के लिए सामान खरीदने को मजबूर किया. इसके बाद डिस्चार्ज करते समय हितेश से रिश्वत मांगी. आरोप लगाया कि अन्य मरीज के परिजनों से भी 5-5 हजार घूस ली गई है.

आयुष विभाग ने इस मामले को संज्ञान में लेकर डॉक्टर बृजेश सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. नोटिस में कहा गया है कि शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को नि:शुल्क इलाज और औषधि प्रदान करने का प्रावधान है. डॉक्टर द्वारा पैसे मांगना अनुशासनहीनता, कदाचरण और घोर लापरवाही का प्रदर्शन है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 (1) (एक), (दो), (तीन) एवं 3-क (ग) का उल्लंघन करता है.



अन्य सम्बंधित खबरें