बिलासपुर : थप्पड़बाज आरक्षक विष्णु चंद्रा पर एसपी रजनेश सिंह की गाज, तत्काल प्रभाव से किए गए निलंबित
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले में सड़क पर साथी के साथ मारपीट करने वाले आरक्षक विष्णु चंद्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित आरक्षक विष्णु ने शनिवार के दिन बीच सड़क पर अपने सहकर्मी सुनील के साथ गाली गलौच और मारपीट की थी जिसका वीडियो तेजी के साथ वायरल हुआ था। इस मामले में संज्ञान लेते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घटित हुई थी।
जानकारी के मुताबिक आरक्षक विष्णु चंद्रा और सुनील सिंह आरोपियों को गवाही कराने के लिए जिला न्यायालय गए हुए थे, इस दौरान विष्णु चंद्रा बाहर बेंच पर सो गया था। जिसकी वजह से आरोपियों को कोर्ट में पेश सुनील सिंह ने किया और सजा दिलाते हुए जेल में बंद कराया। लेकिन जब वह कोर्ट से बाहर आये तब उनकी आरक्षक विष्णु से किसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई। जिसके बाद आरक्षक विष्णु चन्द्रा ने मोबाइल फोन से सुनील सिंह को गाली देना शुरू कर दी। बात बढ़ते बढ़ते इस हद तक बढ़ गई की आरक्षक विष्णु चंद्रा ने आरक्षक सुनील को बीच सड़क पर ही एक थप्पड़ जड़ दिया। इस हाई वोल्टेज ड्रामे की वजह से सड़क पर आवा गमन भी बाधित रहा।
