महासमुंद : नागरिकों के समस्याओं के निराकरण के लिए जनसमस्या निवारण पखवाड़ा जारी.
जनसमस्या निवारण पखवाड़ा शिविर नगरीय निकायों में 27 जुलाई से सतत जारी है। जिसमें शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी मांग व समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। जिनका विधिवत् त्वरित निराकरण की पहल की जा रही है। आज महासमुंद के वार्ड क्रमांक 25 व 26 के जन समस्याओं एवं मांग संबंधी समाधान के लिए शंकराचार्य सांस्कृतिक भवन महामसुंद में जनसमस्या निवारण पखवाड़ा का आयोजन किया गया। शिविर में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल, नगरपालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, संदीप दीवान, ऐतराम साहू, पार्षद देवीचंद राठी, मनीष शर्मा, महेन्द्र जैन, अमृत चोपड़ा, निरंजना शर्मा, शुभ्रा शर्मा, लाल विजय सिंग, भाऊराम साहू, यतेन्द्र राव, मोहन साहू, पवन साहू, आकाश पांडेय, अभिषेक पांडेय एवं हनीष बग्गा मौजूद थे।
इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव के मार्गदर्शन में शिविर को जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए एक बेहतर मंच बनाया गया है। सभी नागरिक इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित कार्रवाई करने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य नगरीय समस्याओं का तत्काल और समय-सीमा में निराकरण करना है।
शिविर को संदीप दीवान ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस पखवाड़ा का उद्देश्य स्थानीय रहवासियों को नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना निकाय का मुख्य दायित्व है। वार्डवार जनसमस्या निवारण शिविरों का उद्देश्य इन समस्याओं के निराकरण के साथ ही नागरिकों को जरूरी जन सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका छोटी-छोटी समस्याओं जैसे सफाई, बिजली, पानी आदि का तत्काल निराकरण करें। उन्होंने नागरिकों से अपनी मांग एवं समस्याओं के संदर्भ में आवेदन देकर लाभ उठाने की अपील की। शिविर में पार्षद देवीचंद राठी, महेन्द्र जैन, ऐतराम साहू सहित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से समस्याओं एवं मांग संबंधी आवेदन की जानकारी ली तथा प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण करने कहा।
शिविर में राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास निर्माण, पेयजल, राजस्व विभाग, विद्युत विभाग से संबंधित आवेदनों के अलावा शिविर में जन्म-मृत्यु, शहरी आजीविका मिशन, समाज कल्याण, महिला बाल विकास, भवन अनुज्ञा, सामाजिक पेंशन, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी लवकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में विभिन्न मांग एवं समस्याओं से संबंधित 98 आवेदन प्राप्त हुए। आज शिविर में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड से संबंधित 35 प्रकरणों का निराकरण किया गया। उल्लेखनीय है कि नगरीय प्रशासन द्वारा नगरीय निकायों में 10 अगस्त तक जनसमस्या निवारण पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। आगामी शिविर गुरूवार 08 अगस्त को राम पाठशाला महासमुंद में आयोजित किया जाएगा। जिसमें वार्ड क्रमांक 12 व 13 के लोगों की मांगे एवं समस्याओं का समाधान किया जाएगा। शिविर में अधिक से अधिक नागरिकों को आने की अपील की गई है।