सरायपाली : स्वतंत्रता सप्ताह हेतु प्राचार्य एवं संकुल समन्वयकों की बैठक रखी गई
छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग मंत्रालय तथा स्कूल शिक्षा विभाग रायपुर एवं संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग राकेश पाण्डेय के संयुक्त आदेश तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली के निर्देशानुसार "स्वतंत्रता सप्ताह" दिनांक 9 से 15 अगस्त 2024 के दौरान "हर घर तिरंगा" कार्यक्रम के क्रियान्वयन हेतु बीईओ प्रकाशचंद्र मांझी एवं बीआरसीसी सतीश स्वरूप पटेल के मार्गदर्शन में विकासखंड सरायपाली के समस्त प्राचार्य एवं संकुल समन्वयकों की पूर्व तैयारी हेतु बैठक आयोजित की गई।
उल्लेखनीय है कि भारतीय ध्वज तिरंगा राष्ट्र का प्रतीक है, इसी गौरव को संवर्धित करने के लिए "आजादी का अमृत महोत्सव" के अंतर्गत दिनांक 9 से 15 अगस्त तक "हर घर तिरंगा कार्यक्रम" आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सभी भारतीय नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि आमजन में देशभक्ति की भावना विकसित हो तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में वृद्धि हो।
अतः उक्त कार्यक्रम अंतर्गत विकासखंड सरायपाली में अग्रलिखित गतिविधियां विकासखंड के समस्त शालाओं में विद्यालय स्तर पर संचालित होंगी जो इस प्रकार है : 09 अगस्त - तिरंगा रैली, 10 अगस्त - तिरंगा यात्रा, 11 अगस्त - तिरंगा प्रतिज्ञा एवं सम्मान (स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया जावे एवं उनके परिवार वालों का सम्मान किया जावे), 12 अगस्त - तिरंगा कैनवास / चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता एवं सेल्फी जोन, 13 अगस्त - तिरंगा कॉन्सर्ट्स (देशभक्ति गीत एवं नृत्य प्रतियोगिता), 14 अगस्त - तिरंगा दौड़ मैराथाॅन, 15 अगस्त - तिरंगा मेला का आयोजन। इन सभी आयोजनों में विशेष उत्साह एवं रुचि लेकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ-साथ पालकों, युवाओं, वृद्ध पुरुष एवं महिलाओं आदि को शामिल करने हेतु निर्देशित किया गया है। इस आयोजन की जानकारी मीडिया प्रभारी सरायपाली शैलेन्द्र कुमार नायक, व्याख्याता, केना ने दी है।