महासमुंद : विभिन्न मांगों को लेकर मितानिनों ने की विधायक से ... - CG Sandesh

महासमुंद : विभिन्न मांगों को लेकर मितानिनों ने की विधायक से मुलाकात, सौंपा ज्ञापन

रविवार को स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत कार्यरत मितानिन बहनें महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मिलने विधायक कार्यालय पहुंचे। अपनी मांगों को लेकर मितानिनों ने विधायक को ज्ञापन भी सौंपा। उनकी मांगों के संबंध में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया।

मितानिनों ने अपनी मुख्य मांगों के संबंध में बताया कि वे जब भी कोई प्रसूति का केस लेकर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल जाते हैं तो रात में सीजेरियन प्रसव नहीं हो पाता है। उन्हें रेफर कर दिया जाता है। इससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए वे चाहते हैं कि मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में 24 घंटे सीजेरियन प्रसव की सुविधा हो। इससे गर्भवती महिलाओं को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मेडिकल कॉलेज व अस्पताल प्रशासन को इस संबंध में निर्देशित करने का आश्वासन दिया।

इसी प्रकार मितानिनों ने बताया कि जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज में कार्यरत फैसिलिटेटर मितानिनों का कार्य दिवस नहीं बढ़ाया गया है। जिला अस्पताल में कार्यरत 4 मितानिन करीब 14 वर्षों से कार्यरत हैं। उन्हें केवल 13 दिनों का मानदेय मिलता है। ज्ञात हो कि जिला अस्पताल अब मेडिकल कॉलेज हो गया है, जिसके कारण कार्यभार बढ़ गया है। इसलिए वे चाहते हैं कि चारों मितानिनों को पूरे माह का कार्य प्रदान किया जाए।

अन्य मांगों से भी कराया अवगत

अन्य मांगों के संबंध में मितानिनों ने बताया कि वे सभी मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वयक, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर, जिला समन्वयक विगत 22 वर्षों से राज्य स्वास्थ्य संसाधन केंद्र (एसएचआरसी) से जुड़कर कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन स्वयं संचालन करना चाहता है। उन्होंने निवेदन करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में जोड़ने से पहले उनकी कुछ मांग हैं, जिनमें समस्त एसएचआरसी स्टॉफ को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में शामिल किया जाए, किसी भी परिस्थिति में उनकी छंटनी नहीं करना और मितानिन से लेकर राज्य स्तर एसएचआरसी स्टॉफ का नियमितीकरण करना शामिल है।


अन्य सम्बंधित खबरें