नागरिकों को दौड़ में शामिल होने की गई अपील
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुन्द द्वारा 14 अगस्त 2024 को सुबह 7ः30 बजे से स्थानीय मिनी स्टेडियम महासमुन्द में स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा दौड़ का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ मिनी स्टेडियम महासमुन्द से प्रारंभ होकर बरोंडा चौक, शास्त्री चौक, सतबहनिया चौक, गांधी चौक, नेहरू चौक होकर स्वामी आत्मानंद हिंदी मिडियम स्कूल से वापस मिनी स्टेडियम महासमुंद में समाप्त होगी। इस दौड़ में स्कूल, कॉलेज के छात्र एवं छात्राएं, खेल संघों के खिलाड़ी, गणमान्य नागरिक तथा आमजन शामिल होंगे। जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा दौड़ में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं, मीडिया प्रतिनिधियों, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स, भारत स्काउट एंड गाइड, रेड क्रॉस, नेहरु युवा केंद्र, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों, आश्रम छात्रवास, नागरिक, महिला समूह व इच्छुक लोगों से शामिल होने आग्रह किया गया हैं।