महासमुंद : भाजपा ने मनाया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, पूर्व... - CG Sandesh

महासमुंद : भाजपा ने मनाया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर हुए शामिल

महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत स्थानीय लोहिया चौक में प्रदर्शनी और संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व कुरूद विधायक अजय चंद्राकर रहें। वहीं सांसद रूपकुमारी चौधरी और महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित आमजन और स्कूली छात्र-छात्राओं को देश विभाजन के समय हुई विभिन्न क्रियाकलापों के बारे में जानकारी दी।

मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने विस्तार से देश की आजादी, स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बहुत सारे नए देश बने, लेकिन हमारे देश का विभाजन क्यों हुआ यह जानना बहुत जरूरी है। आज की पीढ़ी को अपने इतिहास के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 1906 में मुस्लिम लीग की स्थापना हुई। तब से अलग देश की सुगबुगुहाट शुरू हो गई थी। 1930 में पाकिस्तान बनाने का प्रस्ताव आया। देश के कुछ नेताओं के स्वार्थ और गलतियों के चलते देश का विभाजन 14 अगस्त 1947 को हुआ। यह इतना भयावह था कि लाखों लोग मारे गए, दुष्कर्म हुए, संपत्ति लूट लिए गए। उन्हीं नेताओं के विचारधारा में चलने वाले लोग आज देश की जनता में भ्रम फैला रही है कि संविधान खत्म होगा, आरक्षण खत्म होगा लेकिन, हमारा देश ऐसे बहकावे में नहीं आएगा, हमारा देश अखंड रहेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान करते हुए स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाने के लिए कहा साथ ही घर व दुकानों में तिरंगा लगाने की अपील की। कार्यक्रम के बाद हाथ में नारों की तख्ती लिए मौन रैली निकाली गई। रैली लोहिया चौक से निकलकर शहर के मुख्य मार्गों से होकर वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची।

कुछ नेताओं ने अपने स्वार्थ के लिए देश का विभाजन किया - योगेश्वर
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने संबोधित करते हुए कहा कि कुछ नेताओं ने अपने स्वार्थ के लिए देश का विभाजन किया। धर्म के आधार पर देश के लोगों को बांट दिया। इसका प्रभाव उस दौरान हमारे देश की जनता को पड़ा था। आने वाले समय में भारत आगे चलकर खंडित नहीं होगा। हमें अपने देश को अखंड बनाए रखना है।

देश की आजादी की कहानी नहीं भूलना है - रूपकुमारी
महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कह कि 15 अगस्त को हमें स्वतंत्रता दिवस की खुशी रहती है लेकिन उसके एक दिन पहले हुई घटना का दुख भी रहता है। हमारा देश जब आजाद हुआ उसके पीछे की कहानी हमें नहीं भूलना है। हमें उससे सबक लेना चाहिए और आगे भी देश किसी बहकावे में आकर खंडित न हो इसका ध्यान रखना होगा।

अन्य नेताओं ने भी किया संबोधित
भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि आज से करीब 78 वर्ष पहले देश का विभाजन हुआ था। उस दौरान आम जनता ने विभाजन का दंश सहा था। उस दौरान लाखों लोगों की हत्या हुई थी। पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर ने कहा कि विभाजन के समय हमारे देश के लोग शहीद हुए उनको नमन करता हूं। उनके बलिदान को हमें नहीं भूलना है, हमें भी देश के लिए कार्य करने हैं। पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने कहा कि 1947 में देश के दो टुकड़े हुए थे। पाकिस्तान नया देश बनाया गया। बाद में पाकिस्तान दो टुकड़ों में बंटा और बांग्लादेश बना। विभाजन के समय पाकिस्तान से हिंदुओं को भगाया गया। लाखों लोगों का कत्ल हुआ। आज बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति दिख रही है। साथ ही कहा कि 1975 में आपातकाल में क्या हुआ यह भी हमें जानना होगा। इसलिए भाजपा ने आज के दिन को विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

उक्त कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, संजय शर्मा, इंद्रजीत सिंह गोल्डी, रमेश साहू, निरंजना शर्मा, माधव राव टांकसाले, संदीप दीवान, प्रकाश शर्मा, सतपाल सिंह पाली, सुधा साहू, कौशिल्या बंसल, पवन पटेल, मनीष शर्मा, मंगेश टांकसाले, मीना वर्मा, देवीचंद राठी, महेंद्र जैन, माधवी सिका, भाऊराम साहू, देवेंद्र चंद्राकर, हरवंश सिंह, सुजाता विश्वनाथन, सुनीता देवांगन, राहुल चंद्राकर, हनीश बग्गा, शुभ्रा शर्मा, उत्तरा प्रहरे, अरविंद प्रहरे, नंदू जलक्षत्री, अमन वर्मा, गोपाल वर्मा, अभिषेक पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता, स्कूली छात्र-छात्राएं सहित आमजन मौजूद रहें।


अन्य सम्बंधित खबरें