news-details

महासमुंद : आज होगा सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का अभिषेक, नगर व ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु होंगे शामिल

महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा पवित्र सावन माह में करवाए जा रहे एक माह के महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में आज सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण पश्चात् अभिषेक होगा। इसके बाद प्रसाद वितरण होगा और भंडारे का आयोजन होगा। फिर पार्थिव शिवलिंगों को विसर्जन के लिए शोभायात्रा के माध्यम से बम्हनी ले जाया जाएगा।

बता दें कि श्रावण मास में विशाल मेगा मार्ट परिसर व विधायक कार्यालय के पीछे विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा विगत 9 वर्षों से महारुद्राभिषेक व हवन-पूजन कार्यक्रम करवाया जा रहा है। इस वर्ष भी यह महारुद्राभिषेक व हवन-पूजन श्रावण मास की शुरुआत से प्रारंभ हुआ है। 

22 जुलाई को श्रावण की शुरुआत सोमवार से हुआ। इसी दिन से यह महारुद्राभिषेक व हवन-पूजन शुरू हो गया। प्रतिदिन सुबह वेदी पूजन के साथ इसकी शुरुआत होती है। इसके पश्चात् महामृत्युंजय जाप होता है। फिर मंत्रोच्चार के साथ महारुद्राभिषेक किया जाता है। आरती के बाद दिन की पूजा का समापन हो जाता है। इसके पश्चात् शाम में हवन-पूजन किया जाता है। आज भी सुबह करीब 8 बजे वेदी पूजा से पूजन शुरू होगा। सुबह 9 बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण शुरू किया जाएगा। साढ़े 10 बजे से महारुद्राभिषेक शुरू होगा। वहीं सवा लाख बत्ती से महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात् भंडारे का आयोजन किया जाएगा। दोपहर करीब 2 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो बम्हनी तक रहेगी। बम्हनी में पार्थिव शिवलिंगों का विसर्जन किया जाएगा। हर साल की तरह इस वर्ष भी नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालुगण पूजन में शामिल हो रहे हैं।


अन्य सम्बंधित खबरें