महासमुंद : दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल
महासमुंद जिले की दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक की मौत हो गई। पहली घटना खल्लारी थाना क्षेत्र की है। मामाभांचा से पचेड़ा के बीच पेट्रोल पंप के पास एक टैंकर क्रमांक सीजी 07 सीडी 2408 ने मोटर साइकिल को अपनी चपेट में लिया। खल्लारी थाना प्रभारी शैलेंद्र नाग ने बताया कि खम्हारमुड़ा खल्लारी निवासी पंकज कमार (26) अपनी मोटर साइकिल में सोमवार को महासमुंद से अपने घर जा रहा था। मामाभांचा के आगे पेट्रोल पंप के पास टैंकर ने टक्कर मार दी। इससे पंकज कमार की मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर बागबाहरा से रायपुर के लिए निकला था। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पंकज कमार कोमाखान के खैरटखुर्द प्राइमरी स्कूल में प्यून का काम करता था। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर ड्राइवर को पकड़ लिया है।
दूसरी घटना में नरतोरा चौक (झलप) में दो मोटर साइकिल में भिड़ंत हो गई। इस घटना में एक महिला और एक पुरुष के घायल होने की खबर है। उपचार के लिए बागबाहरा अस्पताल में पहुंचाया गया है। एनएच-53 और एनएच-353 पर ऐसे कई जगह हैं, जहां वाहन चलाते समय असावधानी भारी पड़ती है। इन जगहों पर सड़क सुधार के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए। अक्सर सड़क हादसे लापरवाही के कारण ही हो रहे हैं। इसके अलावा वाहनों की रफ्तार, सड़कों पर गड्ढे, सीट बेल्ट न लगाना, दोपहिया चालकों द्वारा हेलमेट नहीं पहनना व शराब पीकर वाहन चलाना, बारिश के सीजन में स्वयं वाहन से फिसलकर गिर जाने से भी लोगों की जान जा रही है।