सरायपाली : विधायक चातुरी नंद ने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं क... - CG Sandesh

सरायपाली : विधायक चातुरी नंद ने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने के लिए किया प्रेरित

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों के पोषण स्तर से पालकों को अवगत कराने दिए निर्देश

संतुलित आहार ही स्वस्थ शरीर का आधार है। किसी भी राष्ट्र के विकास में हर नागरिक का स्वस्थ्य रहना आवश्यक होता है उसमे सबसे बड़ा योगदान महिलाओं और बच्चों का रहता है वे जब शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ्य होंगे तो समाज भी निरोगी होगा। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पोषण जागरूकता के लिए विकासखंड सरायपाली के आंगनवाड़ी केंद्र खम्हारपाली बी एवं छुईपाली बी में आज आयोजित पोषण जागरूकता शिविर में विधायक सरायपाली चातुरी नंद शामिल हुए। विधायक श्रीमती नंद द्वारा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि माता यदि जागरूक स्वस्थ् हैं तो उनके आने वाली संतान भी स्वस्थ् व सुपोषित होगें। माता सृजनकर्ता हैं अतः माताओं को अपने संतान के पोषण पर ध्यान रखना चाहिए। विधायक श्रीमती नंद द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र खम्हारपाली में कुमारी काब्या प्रधान की वजन कराकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा लिये गये वजन एवं ऊंचाई की जॉच की गई। सही वजन पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रोत्साहित करते हुए बच्चों का सही वजन लेकर उनके पालकों को पोषण स्तर से अवगत कराने का निर्देश दिया गया।


पोषण माह के उद्देश्यों पर जानकारी देते हुए अजय कुमार साहू जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी जिला महासमुंद ने बताया कि माता के गर्भवती होने के बाद उसके शरीर में खून की कमी होती है क्योंकि गर्भावस्था के दौरान माता का ही रक्त बच्चे के शरीर की गतिविधि को संचालित करती है। परियोजना अधिकारी जी आर नारंग ने बताया कि एकीकृत बाल विकास परियोजना सरायपाली में पोषण अभियान के विभिन्न थीमों (एनीमिया, वृद्धि निगरानी, पूरक पोषण आहार, पोषण भी पढ़ाई भी, समग्र पोषण, बेहतर प्रशासन परदर्शिता और कुशल सेवा वितरण के लिए प्रौद्योगिकीय) के आधार पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं।

उक्त कार्यक्रम में रनिता भोई, नीलिमा, कमलिनी प्रधान की गोद भराई और भारती का अन्नप्राशन विधायक द्वारा करवाया गया। कार्यक्रम में विश्वनाथ नायक, निर्मल बढ़ाई, रविशंकर साहू, सम्भूनाथ दीप, मित्रभानू प्रधान, बसंत साहू, षैलेन्द्र साहू, सेक्टर पर्यवेक्षक दीक्षा बारिक, ग्राम पंचायत सचिव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानीन, किशोरी बालिका तथा महिलाएं उपस्थित रही।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें