news-details

महासमुंद : “दानवीर भामाशाह सम्मान 2024“ के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित

महासमुंद : समाज कल्याण विभाग द्वारा आगामी राज्योत्सव के अवसर पर दिए जाने वाले “दानवीर भामाशाह सम्मान 2024“ के लिए योग्य व्यक्ति और संस्थाओं से प्रविष्टियां मंगाई गई हैं। यह सम्मान उन व्यक्तियों या संस्थाओं को प्रदान किया जाएगा जो दानशीलता, सौहार्द्र और अनुकरणीय सहायता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। चयनित व्यक्ति या संस्था को एक लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पात्रता में व्यक्ति या संस्था का छत्तीसगढ़ में निवासरत और कार्यरत होना आवश्यक है। पूर्व में किए गए कार्यों में उत्कृष्टता होनी चाहिए और वर्तमान में भी वे सक्रिय हों। 

दानशीलता एवं राष्ट्रीयता के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करना होगा। यदि किसी अन्य पुरस्कार से सम्मानित हुए हैं तो उसका विवरण देना होगा। किए गए कार्यों पर प्रकाशन या प्रख्यात व्यक्तियों द्वारा की गई टिप्पणी, पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित लेख आदि का उल्लेख करना होगा।

कलेक्टर द्वारा अनुशंसा पत्र आवश्यक होगा, जिसमें उनके कार्यों की निरंतरता और निर्विवादता पर टिप्पणी हो। पुरस्कार ग्रहण करने की लिखित सहमति और पासपोर्ट साइज के 03 फोटोग्राफ्स भी जमा करने होंगे। प्रविष्टियां 25 सितंबर 2024 से पूर्व उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, महासमुंद को भेजी जा सकती हैं।




अन्य सम्बंधित खबरें