news-details

बसना ब्लॉक में पोषक -विद्यालय संपर्क अभियान

स्व. जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय बसना की टीम ने पोषक- विद्यालय संपर्क अभियान के तहत द्वितीय दिवस पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंकोरी , शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़फुलझर , शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरोली इन तीनों विद्यालयों में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता पर जानकारी दी गई।

शासकीय महाविद्यालय बसना के सहायक प्राध्यापक एन. के. प्रधान ने इस पोषक- विद्यालय संपर्क अभियान के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि- हमारे बसना महाविद्यालय में कला संकाय के लिए 270 सीट , विज्ञान संकाय के लिए 150 सीट, वाणिज्य संकाय के लिए 80 सीट स्वीकृत हैं। बसना महाविद्यालय में कला संकाय के स्नातक विद्यार्थियों के लिए हिंदी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, इतिहास ,राजनीति विज्ञान , समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र में से अपने स्वेच्छा अनुरूप विषयों का चयन कर सकते हैं। 

विज्ञान संकाय में विद्यार्थी जूलॉजी, बॉटनी, फिजिक्स, केमिस्ट्री ,मैथ्स विषय का चयन कर अध्ययन कर सकते हैं। वाणिज्य संकाय लेकर भी विद्यार्थी अध्ययन कर सकते हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विद्यार्थी अपने संकाय के विषय चुनकर जेनेरिक इलेक्टिव में अन्य संकाय के एक विषय चुनाव कर अध्ययन करेंगे।
         
सहायक प्राध्यापक विजय कुमार कठाने ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि -नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत उच्च शिक्षा के लिए कई बदलाव किए गए हैं।इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा क्षेत्र के सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) को बढ़ावा देना, विभिन्न प्रवेश और निकास बिंदु प्रदान करना, तथा विद्यार्थियों को उनकी रुचियों और क्षमताओं के अनुरूप सर्वोत्तम कक्षाएं चुनने की सुविधा प्रदान करना है।
   
द्वितीय दिवस के पोषक -विद्यालय संपर्क अभियान के दौरान तीनों विद्यालयों द्वारा आवश्यक जानकारी एवं डेटाबेस एकत्रित किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंकोरी, गढ़फुलझर, बरोली के प्राचार्यों सहित अध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
   
इस दौरान शासकीय महाविद्यालय बसना के विद्यार्थी सुमित अग्रवाल ,प्रभात सिदार, जगदीश पटेल, सुदामा, रूपेश यादव , मनीष ने विद्यालयों के विद्यार्थियों से चर्चा की। विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था । विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।




अन्य सम्बंधित खबरें