CG : कांग्रेस में बागियों की वापसी पर विरोध, पूर्व विधायक जुनेजा ने Pcc चीफ दीपक बैज से मुलाकात कर कही यह बात
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बागियों की वापसी की प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश प्रभारी ने जहां कमेटी बनाकर बागियों की पार्टी में वापसी सुनिश्चित करने की बात कही है, तो वहीं कई बागी वापसी के लिए लगातार आवेदन दे रहे हैं। हालांकि पार्टी के अंदर इसे लेकर विरोध भी अब दिखाई देने लगा है। रायपुर उत्तर से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले अजीत कुकरेजा भी कांग्रेस पार्टी में वापसी की कोशिश में है। इधर पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने अजीत कुकरेजा और उनके पिता आनंद कुकरेजा के पार्टी में वापसी का विरोध किया है।
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के मिलकर पत्र सौंपा है और मांग की है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने वाले अजीत कुकरेजा और आनंद कुकरेजा को पार्टी में ना लिया जाए। पत्र में कुलदीप जुनेजा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि कुछ लोग पैसे के बल पर पार्टी को हमेशा खरीदने की कोशिश की है।
कुलदीप जुनेजा ने कहा कि ऐसे लोगों को पार्टी में शामिल करना अहितकारी कदम होगा। कुलदीप जुनेजा ने कहा कि अगर निर्दलीय चुनाव अजीत कुकरेजा ने ना लड़ा होता तो पार्टी का एक और विधायक विधानसभा में होता। उन्होंने पार्टी के हित को ध्यान में रखते हुए ऐसे मौकापरस्त लोगों को शामिल नहीं करने की मांग की है।