CG ब्रेकिंग : चुनाव से पहले ही 4 भाजपा पार्षद प्रत्याशियों क... - CG Sandesh

CG ब्रेकिंग : चुनाव से पहले ही 4 भाजपा पार्षद प्रत्याशियों की जीत

डेस्क। छत्तीसगढ़ में 4 जगह पार्षद चुनाव से पहले ही जीत गए हैं। बिलासपुर नगर निगम चुनाव के मतदान से पहले ही भाजपा एक पार्षद चुन लिया गया है। वार्ड क्रमांक 13 के कांग्रेस उम्मीदवार ने नामांकन पत्र के साथ जाति प्रमाणपत्र ही प्रस्तुत नहीं किया। जिसके चलते निर्वाचन अधिकारी ने उसका नामांकन निरस्त कर दिया है।



वहीं दुर्ग जिले में महापौर और वार्ड पार्षद के चुनाव के पहले ही बीजेपी ने कांग्रेस को एक बड़ा और करारा झटका दिया है, वार्ड नंबर 21 की कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी मीरा सिंह ने नाम वापसी के दिन अपना नामांकन वापस ले लिया है, जिससे वार्ड नंबर 21 की भाजपा प्रत्याशी विद्यावती सिंह निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हो गई है।


आपको बता दे कि वार्ड नंबर 21 से बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा था, जिसके कारण विद्यावति सिंह अकेले ही चुनाव में चुनावी मैदान में थी, जिससे वह निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हो चुकी है।


कोरबा जिले की कटघोरा नगर पालिका परिषद के 2 वार्डों में भाजपा जीत का जश्न मना रही है। वार्ड 13 में भाजपा प्रत्याशी का एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ है, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। वहीं वार्ड 18 में कांग्रेस ने बुधवार को नामांकन वापस ले लिया।


ओबीसी सीट से नामांकन दाखिल हुआ था


बिलासपुर की बात करें तो वार्ड 13 से भाजपा पार्षद रमेश पटेल का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। इधर, कांग्रेस ने जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले उम्मीदवार श्याम पटेल को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।


दरअसल, नगर निगम के मंगला स्थित वार्ड क्रमांक 13 दीनदयाल नगर में कांग्रेस ने श्याम पटेल को प्रत्याशी बनाया था। जिन्होंने ओबीसी सीट से अपना नामांकन दाखिल किया था। लेकिन, कांग्रेस प्रत्याशी श्याम पटेल ने नामांकन पत्र के साथ अपनी जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किया था।


इस पर भाजपा के प्रत्याशी रमेश पटेल ने आपत्ति दर्ज कराई। इसी तरह इस वार्ड से आम आदमी पार्टी के पार्षद प्रत्याशी नर्मदा पटेल ने भी नामांकन जमा किया था। बुधवार को स्क्रूटनी के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने दोनों के नामांकन को खारिज कर दिया। इसके बाद अब वार्ड में भाजपा प्रत्याशी रमेश पटेल के अलावा कोई प्रत्याशी नहीं रह गया है। ऐसे में उसका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।


6 प्रत्याशियों का नामांकन निरस्त


बुधवार को बिलासपुर के निर्वाचन कार्यालय में महापौर और पार्षद पदों के लिए भरे गए नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच के बाद विभिन्न कारणों से पार्षद पद के 6 नाम निर्देशन पत्र निरस्त किए गए। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षक विनीत नंदनवार की मौजूदगी में नामांकन पत्रों की जांच की गई।


निरस्त किए गए नाम निर्देशन पत्रों में वार्ड क्रमांक 13 से नर्मदा पटेल एवं श्याम पटेल, वार्ड 51 से राजकुमार साहू, वार्ड 52 से अनिता पाटिल, वार्ड 55 से शबनम बेगम एवं वार्ड 68 से मीनाक्षी पटेल शामिल हैं। श्याम पटेल व नर्मदा पटेल के अलावा चार प्रत्याशियों का नामांकन पत्र अपूर्ण रूप से भरे होने के कारण अस्वीकृत किया गया है।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें