
बसना : गढ़फुलझर मंडल में धूमधाम से हुआ होली मिलन समारोह
गढ़फुलझर। भाजपा मंडल गढ़फुलझर द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में लगभग 275 कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश चौधरी उपस्थित रहे। साथ ही, भाजपा जिला उपाध्यक्ष महासमुंद जितेन्द्र त्रिपाठी, पूर्व मंडल अध्यक्ष गढ़फुलझर माधव साव, मंडल अध्यक्ष गढ़फुलझर नरहरी सिंह पोर्ते, मंडल महामंत्री द्वय प्रहलाद साहू एवं नरेंद्र साहू (पेंटर), मंडल उपाध्यक्ष सुन्दरमणी मिश्रा, मंडल मंत्री गौरचंद प्रधान, किसान मोर्चा अध्यक्ष तेजेंद्र पटेल, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष राम कुमार चौहान, महिला मोर्चा अध्यक्ष बिंदु नाग सहित सहकारी समिति के अध्यक्ष निमित साहू, केदार पटेल, डिग्रीलाल साव, तेजेंद्र पटेल, कमलेश साव एवं भोजकुमार साव भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए एकजुटता और संगठन की शक्ति पर बल दिया। उन्होंने कहा कि “होली मिलन जैसे आयोजन समाज में आपसी सौहार्द्र और भाईचारे को बढ़ाने का कार्य करते हैं। भाजपा का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है, और इन आयोजनों से आपसी संबंध मजबूत होते हैं।”
भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। होली के रंगों की तरह हम सबको मिलकर समाज में प्रेम और एकता का संदेश देना चाहिए।”
पूर्व मंडल अध्यक्ष माधव साव ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। ऐसे आयोजनों से न केवल संगठन को मजबूती मिलती है, बल्कि आपसी सहयोग और प्रेम भी बढ़ता है।”
वहीं, मंडल अध्यक्ष नरहरी सिंह पोर्ते ने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि “यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के आपसी जुड़ाव और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाता है।"
इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। जनपद सदस्य राजेश गड़तिया, जन्मजय साव, सरपंच सरोजनी कौशिक (बरोली), श्वेत सिदार (आमापाली), देवराज साहू (सरायपाली), अरुज बेहरा (दुधिपाली), श्रीकांत पटेल (गुढ़ीयारी) और पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवकिशोर साहू, शक्ति केन्द्र प्रभारी राधेश्याम नाग ने भी सभी कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं दीं और आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री नरेंद्र साहू ने किया, आभार प्रदर्शन प्रहलाद साहू ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर रंग-गुलाल के साथ बाजा-गाजा एवं गीत-संगीत का विशेष प्रबंध किया गया, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और होली के रंग में सराबोर हो गए। कार्यक्रम पश्चात सभी के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने सहभोज का आनंद लिया।
इस आयोजन ने कार्यकर्ताओं के बीच आपसी सौहार्द्र और एकजुटता को मजबूत करने का कार्य किया, साथ ही भाजपा मंडल गढ़फुलझर की संगठन शक्ति को भी प्रदर्शित किया।