CG: बिलासपुर में महिला से लूटपाट का मामला, घर छोड़ने के बहान... - CG Sandesh

CG: बिलासपुर में महिला से लूटपाट का मामला, घर छोड़ने के बहाने दिया वारदात को अंजाम.

बिलासपुर: बिलासपुर में एक बुजुर्ग महिला के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि, बुजुर्ग महिला को नशीला पानी पिलाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के अनुसार, बावजी नगर की रहने वाली पीड़िता हेमलता भोंसले शुक्रवार की शाम करीब 6:30 बजे दवा लेने निकली थी, लेकिन रास्ते में तीन लोगों ने ऑटो में बैठाकर उन्हें घर छोड़ने का भरोसा दिलाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया. पीड़िता के मुताबिक आरोपियों में एक नाबालिग लड़की, एक महिला और एक अधेड़ उम्र का पुरुष शामिल था. तीनों आरोपी बुजुर्ग महिला को इधर-उधर घुमाते रहे और फिर रास्ते में पीने के लिए पानी की बोतल दी, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था. पानी पीते ही पीड़िता बेहोश हो गई. इसके बाद आरोपियों ने महिला के हाथ में पहने सोने के कंगन और 6000 रुपये नगद लूट लिए.

आरोपियों ने महिला को बेहोशी की हालत में यादव गार्डन के पास छोड़ दिया और फरार हो गए. रात करीब 10:30 बजे परिजन तलाश करते हुए महिला के पास पहुंचे और उसे घर लाए. इस दौरान पीड़िता के पास एक बैग भी मिला, जिसे आरोपियों ने वहीं छोड़ दिया था. उसमें नकली नोट जैसे कागजों के बंडल भरे थे. डरी-सहमी बुजुर्ग महिला ने इस पूरी घटना की शिकायत शनिवार को सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें