
BharatGen AI : भारत का पहला स्वदेशी मल्टीमॉडल AI भाषा मॉडल
BharatGen AI : भारत ने हाल ही में तकनीकी क्षेत्र में एक अहम उपलब्धि हासिल की है। IIT बॉम्बे द्वारा विकसित भारतजेन नामक पहला स्वदेशी मल्टीमॉडल लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) लॉन्च किया गया है। यह मॉडल 22 भारतीय भाषाओं में अनुवाद, संवाद और समझने में सक्षम है, जिससे भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को डिजिटल युग में मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस परियोजना का उद्घाटन किया। यह राष्ट्रीय अंतःविषयी साइबर-भौतिक प्रणाली मिशन के तहत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) की पहल है, जिसमें IIT बॉम्बे के साथ-साथ कई अन्य संस्थान और विशेषज्ञ जुड़े हैं। भारतजेन का मकसद एक ऐसा AI मॉडल बनाना है जो नैतिक, समावेशी और भारतीय मूल्यों से प्रेरित हो।
मुख्य विशेषताएँ और क्षेत्रीय प्रभाव
मल्टीमॉडल क्षमता: भारत जेन पाठ, भाषण और छवि को एकीकृत करता है, जिससे यह बहुआयामी संवाद सक्षम बनाता है।
22 भारतीय भाषाओं का समर्थन: यह मॉडल हिंदी, तमिल, तेलुगु, मराठी, पंजाबी, उर्दू, गुजराती, बंगाली, मलयालम, कन्नड़, ओडिया, असमिया, कश्मीरी, मैथिली, नेपाली, सिंधी, संस्कृत, कोंकणी, डोगरी, संथाली, कश्मीरी और बोडो सहित 22 भाषाओं में कार्य करता है।
नैतिक और समावेशी एआई: भारत जेन एक नैतिक, समावेशी और भारतीय मूल्यों पर आधारित एआई मॉडल बनाने का उद्देश्य रखता है, जो समाज के सभी वर्गों की आवश्यकताओं को समझे और उनकी सेवा करे।
सेक्टर-विशिष्ट समाधान: यह स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कृषि और शासन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में क्षेत्रीय एआई समाधान प्रदान करेगा।
भविष्य की दिशा और विकास
भारत जेन की विकास यात्रा जुलाई 2026 तक विस्तारित है, जिसमें एआई मॉडल का विकास, प्रयोग, और भारतीय आवश्यकताओं के अनुरूप एआई बेंचमार्क की स्थापना शामिल है। इस पहल से भारतीय भाषाओं में एआई समाधान की पहुंच बढ़ेगी, जिससे डिजिटल समावेशन और सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।