पिथौरा : विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत जंघोरा एवं नयापाराकला में कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 14 मई 2026 को पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जंघोरा एवं नयापाराकला में कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद के सहायक प्राध्यापक डॉ. ओकेश चंद्राकर, उद्यानिकी विभाग से उद्यानिकी अधिकारी कैलाश नायक, पशुपालन विभाग से भेखूराम सिन्हा, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, ग्राम पंचायत के सदस्य, प्रगतिशील कृषक एवं कृषि एवं सहयोगी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह अभियान 5 मई से 20 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी फसलों की उन्नत खेती, कृषि मशीनीकरण, प्रसंस्करण एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण एवं आय वृद्धि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर डॉ. ओकेश चंद्राकर द्वारा किसानों को फलों की उन्नत खेती, कैनोपी मैनेजमेंट, सघन बागवानी, फलों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को बताया कि वैज्ञानिक पद्धति से बागवानी करने एवं प्रसंस्करण अपनाने से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।
उद्यानिकी अधिकारी कैलाश नायक द्वारा किसानों को ऑयल पाम की खेती, उसकी उन्नत तकनीक, उत्पादन क्षमता एवं शासन द्वारा प्रदत्त अनुदान एवं सब्सिडी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने किसानों को बताया कि ऑयल पाम की खेती किसानों के लिए दीर्घकालीन लाभकारी विकल्प बन सकती है तथा शासन द्वारा इसके प्रोत्साहन हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
वहीं पशुपालन विभाग से भेखूराम सिन्हा द्वारा किसानों को पशुओं के नस्ल सुधार, टीकाकरण, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन एवं शासन द्वारा संचालित पशुपालन संबंधी अनुदान एवं सब्सिडी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को नियमित टीकाकरण एवं उन्नत नस्लों के उपयोग से पशुपालन व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने हेतु प्रेरित किया।
कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को एग्रीटेक पोर्टल, किसान पंजीयन, फसल गिरदावरी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं विभागीय योजनाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं का लाभ लेने एवं शासन की योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने उद्यानिकी फसलों, पशुपालन, शासकीय योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम में किसानों की सक्रिय सहभागिता रही तथा विकसित कृषि संकल्प अभियान को ग्रामीण स्तर पर व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ।
- 14-05-2026
सावधान! LPG गैस के नाम पर हो रही धोखाधड़ी
- 14-05-2026
राज्यपाल डेका ने अपने काफिले से कम किए वाहन
- 14-05-2026
वैदिक पञ्चाङ्ग एवम् राशिफल : 14 मई 2026