कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद में सौहार्दपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद में दिनांक 15 अगस्त 2026 को 80 वां स्वतंत्रता दिवस सौहार्दपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों द्वारा राष्ट्रगीत गायन के पश्चात अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा सभी ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
अधिष्ठाता डॉ. भंडारकर ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं राष्ट्र निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवाओं, किसानों एवं ग्रामीण समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। महाविद्यालय की उपलब्धियों के वाचन के साथ- साथ उन्होंने विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों से अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा कृषि क्षेत्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिष्ठाता महोदय द्वारा महाविद्यालय की अर्धवार्षिक पत्रिका ’हमर कृषि हमर प्रगति सोपान’ का विमोचन व प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम, एकता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं ग्रामीण विकास का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।