सरिया में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा
सरिया : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरिया में किसानों ने भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में 100 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल हुए। ट्रैक्टरों को तिरंगे और बैनर से सजाया गया था। इस दौरान “भारत माता की जय” और “जय जवान, जय किसान” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यात्रा की शुरुआत अपेक्स बैंक एवं सेवा सहकारी समिति कार्यालय परिसर से किसान अन्नदाता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद हुई। इसके बाद यात्रा अटल चौक, पेट्रोल पंप चौक, जगन्नाथ मंदिर पारा और महात्मा गांधी चौक से होते हुए मंडी प्रांगण पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
आंचलिक किसान संघ के अध्यक्ष मोहन पटेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर किसानों में खासा उत्साह था। किसानों ने अपने ट्रैक्टरों को तिरंगे से सजाकर यात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह जवान देश की सीमा की रक्षा करते हैं, उसी तरह किसान देश के लिए अन्न का उत्पादन कर सेवा करते हैं। इसी भावना के साथ जय जवान-जय किसान के संदेश को मजबूत करने के उद्देश्य से यात्रा निकाली गई।
यात्रा के दौरान देश के वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के समापन पर किसानों और ग्रामीणों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।