रक्षाबंधन पर महंगी हुई मिठास, शक्कर-दूध के बढ़े दामों का असर
रायपुर : रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। भाई-बहन के इस खास त्योहार पर बहनें अपने भाइयों का मुंह मीठा कराने के लिए मिठाइयों की खरीदारी कर रही हैं। लेकिन इस बार मिठाई खरीदने के लिए लोगों को पहले की तुलना में अधिक पैसे खर्च करने पड़ेंगे। शक्कर और दूध के दाम बढ़ने का सीधा असर मिठाइयों की कीमतों पर पड़ा है। रक्षाबंधन से पहले ही मिठाइयों के दाम में प्रति किलो करीब 20 से 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।
मिठाई कारोबारियों के मुताबिक, शक्कर की आपूर्ति में कमी और एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद दूध की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसके चलते शक्कर और दूध दोनों के दाम बढ़े हैं। चिल्लर बाजार में शक्कर करीब 70 रुपये किलो तक पहुंच गई, जबकि दूध के दाम में भी 5 से 6 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है। मिठाई बनाने में दूध और शक्कर प्रमुख सामग्री होने के कारण इनके महंगे होने का असर सीधे मिठाइयों की कीमतों पर पड़ा है।
शहर के गंजलाइन क्षेत्र के थोक शक्कर विक्रेता रमेश डागा के मुताबिक, करीब एक महीने पहले शक्कर का थोक भाव 45 से 46 रुपये प्रति किलो था, जो बढ़कर 65 से 66 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था। हालांकि पिछले दो-तीन दिनों में थोक भाव में कुछ कमी आई है और वर्तमान में शक्कर करीब 54 से 55 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
वहीं, श्री जलाराम स्वीट्स के संचालक राम कुमार ठक्कर ने बताया कि शक्कर के दाम में करीब 30 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है। एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद दूध के दाम भी 3 से 4 रुपये प्रति लीटर बढ़े हैं और दूध की उपलब्धता में भी कमी आई है। उन्होंने बताया कि लागत के हिसाब से मिठाइयों के दाम में करीब 60 रुपये प्रति किलो तक बढ़ोतरी करनी पड़ती, लेकिन रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए फिलहाल मिठाइयों के दाम में करीब 20 रुपये प्रति किलो ही इजाफा किया गया है।
यानी इस रक्षाबंधन मिठाई की मिठास तो बरकरार रहेगी, लेकिन इसकी कीमत जेब पर थोड़ी भारी पड़ सकती है।