भाटापारा में ₹5.61 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, आवास ... - CG Sandesh

भाटापारा में ₹5.61 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, आवास हितग्राहियों को मिली घर की चाबी

भाटापारा : शहर में विकास कार्यों को गति देने बुधवार को संत रविदास वार्ड स्थित अंबेडकर चौक के पास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल की मौजूदगी में 5 करोड़ 61 लाख रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रमाणपत्र वितरित करने के साथ उनके पक्के मकानों की चाबी भी सौंपी गई।

शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इंटेकवेल से फिल्टर प्लांट तक पाइपलाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस परियोजना की लागत करीब 4 करोड़ 8.81 लाख रुपये है। इसके अलावा 1 करोड़ 52.25 लाख रुपये की लागत से ओवरहेड टैंक निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद जताई गई है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नगर पालिका चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब वे अश्वनी शर्मा के लिए वोट मांगने भाटापारा आए थे, तब उन्होंने शहर के विकास की गारंटी ली थी। उन्होंने दावा किया कि अब भाटापारा में विकास की गंगा बह रही है।

सांसद ने सतनामी समाज के लिए भाजपा सरकार की ओर से किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में समाज के लिए दुनिया के सबसे बड़े कुतुबमीनार से भी ऊंचा जैतखंभ बनाया गया है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सम्मान देने का काम किया है।

अंधविश्वास के सवाल पर बोले- पार्टी की रीति-नीति के आधार पर चलें

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने भाजपा के कुछ नेताओं की ओर से अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाले बयानों को लेकर कहा कि कौन व्यक्ति क्या कहता है, यह महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी को पार्टी की रीति-नीति के आधार पर चलना और काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के कार्य किए जा रहे हैं।

हर वार्ड में विकास को प्राथमिकता देने का दावा

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। शहर का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़े दोनों महत्वपूर्ण कार्य पूरे होने के बाद शहरवासियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने की बात भी उन्होंने कही।

कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप छाबड़िया सहित भाजपा के पार्षद और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें