कसडोल : सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
कसडोल : ग्राम मल्दा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को कसडोल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने ग्राम मल्दा में एक सूने मकान को निशाना बनाया और ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, टूटा हुआ ताला और प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG11 BJ 3828 जब्त की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 62 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विमल कौशिक और भुनेश्वर वर्मा आदतन चोरी के अपराधी हैं। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विमल कौशिक (34), निवासी ग्राम तिलाई, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा, संदीप कुमार उर्फ राज यादव (20), निवासी ग्राम तिलाई, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा और भुनेश्वर वर्मा (39), निवासी ग्राम झबड़ी, थाना कसडोल के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।