खैरागढ़ : खाकी की कलाई पर बंधा रक्षा सूत्र, महिला मोर्चा ने पुलिस जवानों संग मनाया रक्षाबंधन
खैरागढ़ : भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन इस बार खैरागढ़ में पुलिस जवानों के साथ भी आत्मीयता से मनाया गया। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार डांडे सहित पुलिस जवानों को राखी बांधी। महिलाओं ने जवानों का मुंह मीठा कराया और उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित रहने की कामना की।
इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस जवान त्योहारों के दौरान भी अपने परिवार से दूर रहकर चौबीसों घंटे आम नागरिकों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उनके इसी समर्पण और सेवा भावना के सम्मान में रक्षाबंधन पर उन्हें राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता का संदेश दिया गया।
थाने पहुंचकर जवानों को बांधी राखी
एसपी कार्यालय के बाद महिला मोर्चा की कार्यकर्ता खैरागढ़ थाना पहुंचीं। यहां उन्होंने थाना प्रभारी अनिल शर्मा सहित नगरवासियों की सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित रहने की कामना की।
कार्यक्रम में नीलिमा गोस्वामी, देवीन कोठले, गरिमा तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं। पुलिस जवानों ने भी इस आत्मीय पहल के लिए महिलाओं का आभार व्यक्त किया।