CG : स्कूल जाने से पहले करंट की चपेट में आई छात्रा, मौके पर ... - CG Sandesh

CG : स्कूल जाने से पहले करंट की चपेट में आई छात्रा, मौके पर ही मौत, पसरा मातम

कोरबा। कोरबा शहर के सर्वमंगला नगर स्थित बरेठ मोहल्ला में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। कक्षा 6वीं की छात्रा भूमि निषाद (12 वर्ष) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी।

परिजनों ने बताया कि भूमि ने बिस्तर ठीक करने के बाद जैसे ही कमरे की लाइट बंद करने के लिए स्विच दबाया, उसे जोरदार करंट लगा। चीख सुनकर परिजन दौड़े, और किसी तरह करंट से अलग कर उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 बारिश बनी हादसे की वजह

भूमि के पिता गोपाल निषाद ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण घर के बिजली बोर्ड में करंट आ रहा था, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। हादसे के बाद तुरंत बिजली लाइन बंद करवाई गई।

पढ़ाई में होशियार, रील्स बनाने की शौकीन थी भूमि

भूमि, कर्म भारती स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा थी। वह पढ़ाई में तेज़ थी और रोज़ाना समय पर स्कूल के लिए तैयार होती थी। उसे सोशल मीडिया पर रील्स बनाना भी पसंद था। हाल ही में उसने एक वीडियो भी बनाया था। भूमि अपने मां के घरेलू कामों में मदद करती थी और छोटे भाई से बहुत प्यार करती थी।

 मजदूरी कर पढ़ा रहा था पिता

भूमि के पिता रोजी-मजदूरी कर बेटी को निजी स्कूल में पढ़ा रहे थे, ताकि वह बेहतर भविष्य पा सके। लेकिन एक मामूली सी लापरवाही ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

 पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। आगे की जांच जारी है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें