बसना : छात्रावास अधीक्षिका बच्चों से धुलवाती है कपड़े, करवाती... - CG Sandesh

बसना : छात्रावास अधीक्षिका बच्चों से धुलवाती है कपड़े, करवाती है बॉडी मसाज, अश्लील वीडियो दिखाने का भी आरोप

बसना विकासखंड अंतर्गत शिक्षा विभाग को कलंकित करने वाला एक और मामला सामने आया है. जिसमें पदस्थ एक छात्रावास अधीक्षिका पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं.

मामला बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम खोकसा में स्थित आदिवासी छात्रावास का है, जहाँ की अधीक्षिका गीता पटेल की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की गई है. छात्रावास अधीक्षिका पर बच्चों से अपने कपड़े धुलवाने, बॉडी मसाज करवाने और बच्चों को अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप लगाया गया है.

पालकों ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनके बच्चे आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा में रहकर पढाई करते हैं, और जब छुट्टियों में अपने घर आते हैं तो बताते हैं कि आश्रम अधीक्षिका उनसे अपनी मालिश करवाती है, कपड़े धुलवाती है, तथा बच्चों से रात 12 बजे तक मालिश कराया जाता है.

बच्चों ने अपने पालकों को बताया कि यदि हॉस्टल में बिजली चली जाए तो अधीक्षिका के लिए उन्हें पुट्टे से पंखा करना पड़ता है. ठीक से नहीं करने पर अधीक्षिका मारपीट करती है.

अधीक्षिका ब्रश करने के बाद बेशिन में थूककर उसे बच्चों से साफ करवाती है, इतना ही नहीं अधीक्षिका के मारपीट से दो बच्चे बीमार भी हो गए, अधीक्षिका के चलते यहाँ पढने वाले बच्चों का भविष्य भी खतरे में हैं.

ख़राब सब्जी के साथ यहाँ बच्चों को भी कम खाना दिया जाता है, मच्छरदानी होने के बावजूद उन्हें बच्चों को नहीं दिया जाता है. जिससे बच्चे मच्छर के काटने से भी परेशान रहते है.

इतना ही नहीं अधीक्षिका पर बच्चों को अश्लील वीडियो दिखाने का भी आरोप लगाया गया है. अधीक्षिका पालकों को फ़ोन पर भी बात करने नहीं देती है. तथा पालकों से भी दुर्व्यवहार करती है.  

अधीक्षिका हॉस्टल का सीसीटीवही बंद कर चावल भी ले जाया करती है, तथा उक्त सारी बातें ना कहने के लिए बच्चों को अपने माता पिता की कसम दिलवाती है.

बहरहाल पालकों का कहना है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने बच्चों को घर लेकर चले जायेंगे.


अन्य सम्बंधित खबरें