महासमुंद : दोस्त से मिलकर घर लौट रहे युवक पर नुकीली वस्तु से हमला
महासमुंद के कृष्णात मंदिर के सामने दोस्त से मिलकर घर लौट रहे युवक पर नुकीली वस्तु से हमला कर घायल करने के आरोप में थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
वार्ड नंबर 25 कुम्हार पारा महासमुंद निवासी जीवन साहू ने पुलिस को बताया कि 20 सितम्बर को रात करीब 10 बजे वह शास्त्री चौक से अपने दोस्त से मिलकर अपने घर कुम्हार पारा जा रहा था. इसी दौरान रावणभाठा कृष्णा मंदिर के सामने पहले से काजू, लक्की एवं अन्य लोग बैठे थे.
काजू ने जीवन को देखकर बहुत हीरो बनता है, ज्यादा होशियार हो गया है कहकर अश्लील गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देते हुये हाथ मुक्का एवं किसी नुकीली वस्तु से मारपीट किया, जिससे उसे चोट लगी है. जीवन किसी तरह वहां से जान बचाकर भागा और अपने दोस्त सियाराम साहू को फोन कर घटना के संबंध में बताया और थाना रिपोर्ट करने गया.
पुलिस ने मामले में आरोपी काजू के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(3)-BNS के तहत अपराध कायम किया है.