छत्तीसगढ़ के कई जिलों में होगी भारी वर्षा; अधिकतर राज्यों से लौटा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर ओडिशा और उससे लगे गांगेय पश्चिम बंगाल में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले चौबीस घंटों के दौरान व्यापक वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी डॉक्टर गायत्री ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि मध्य छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के शेष भागों, तथा गुजरात और राजस्थान के कुछ और भागों से आज वापस लौट गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ भागों से भी वापस लौट गया है।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में गुजरात, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के शेष भागों, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और भागों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के वापस लौटने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।