छत्तीसगढ़ के इन क्षेत्रों में अति भारी बारिश की संभावना; सिकासेर बांध के चार गेट खुले
छत्तीसगढ़ में आज अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है। भारी वर्षा मुख्य रूप से मध्य छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले अड़तालीस घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने के कारण बस्तर संभाग में अति भारी बारिश होने की संभावना है।
गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश से खुले सिकासेर बांध के चार गेट
गरियाबंद जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण सिकासेर बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं। बांध से ढाई हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण पैरी नदी उफान पर है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की है।