बसना : सेमलिया नाले के पास नई पल्सर बाइक में आ रहे 18 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने मारी ठोकर, गंभीर
राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोर लाइन में शाम या रात को चलना हुआ दूभर, कई लोगों की जा चुकी है जान
सी डी बघेल। शनिवार को शाम लगभग 6:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोर लाइन में सेमलिया नाला के पास अंधेरे में अज्ञात वाहन ने सरायपाली से अरेकेल (बसना) अपने घर लौट रहे 18 वर्षीय युवक को जबरदस्त ठोकर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। सिर और नाक से रक्तस्राव हो रहा है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा हेतु जिला चिकित्सालय महासमुंद रिफर किया गया। लेकिन परिजनों ने नगर के निजी चिकित्सालय में उसे भर्ती किया गया है। जहां उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयंत साव पिता शशि कुमार साव, उम्र 18 वर्ष, ग्राम अरेकेल किसी काम से अपनी नई पल्सर मोटरसाइकिल से सरायपाली गया हुआ था। शाम को अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोर लाइन से होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दरमियान सेमलिया नाला और टोल प्लाजा के मध्य किसी अज्ञात वाहन ने जबरदस्त ठोकर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दुर्घटना में जयंत साव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने इसकी जानकारी एनएचआई 1033 एंबुलेंस को दी। टोल प्लाजा के पास दुर्घटना होने के कारण 1033 एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और वहां से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया। सिर एवं नाक से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उच्च चिकित्सा हेतु जिला चिकित्सालय महासमुंद या रायपुर ले जाने को कहा। परिजनों द्वारा उच्च चिकित्सा हेतु नगर के निजी नर्सिंग होम में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि युवक की हालत अत्यंत गंभीर है और अभी तक उसे होश नहीं आया है। अस्पताल में उपचार जारी है।
ज्ञात हो कि तीन दिन पहले सिंघनपुर (झलप) निवासी ललित ढीढी भी शाम को अपने घर से ससुराल भजपुरी (भगतदेवरी) आ रहा था। इसी दरमियान अज्ञात वाहन ने रात के अंधेरे में उसे रौंदते हुए मौके से फरार हो गया था। उक्त दुर्घटना में ललित ढीढी की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसी तरह शाम को अंधेरे में अज्ञात वाहनों की ठोकर से घायल होने की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। शाम होते ही अंधेरे में राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोर लाइन में मोटरसाइकिल से चलना लोगों के लिए दूभर होता जा रहा है।