CG : माओवादी संगठन के प्रवक्ता ने कहा 1 जनवरी 2026 को हथियार... - CG Sandesh

CG : माओवादी संगठन के प्रवक्ता ने कहा 1 जनवरी 2026 को हथियार त्याग कर समाज की मुख्यधारा में होंगे शामिल

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी की महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ स्पेशल जोनल कमेटी के प्रवक्ता अनंत ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि इस जोनल कमेटी के सभी सदस्य आगामी एक जनवरी को सशस्त्र संघर्ष को विराम देकर और अपने हथियार त्याग कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो जाएंगे। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा के आकाशवाणी के माध्यम से प्रसारित संदेश पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए माओवादी प्रवक्ता ने कहा है कि उनका संगठन निश्चित रूप से सरकार के सामने ठोस प्रस्ताव रखेगा। यह प्रस्ताव या तो मुख्यधारा में शामिल होने के ठीक पहले अथवा पुनर्वास के पश्चात पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि गृहमंत्री विजय शर्मा ने इससे पूर्व माओवादी प्रवक्ता द्वारा जारी पत्र के जवाब में कहा था कि यदि माओवादी कोई ठोस प्रस्ताव देते हैं, तो सरकार उस पर अवश्य विचार करेगी। माओवादी प्रवक्ता ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से गृह मंत्री शर्मा का उनके पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने के लिए आभार व्यक्त किया है। साथ ही महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सरकारों से भी इसी तरह की प्रतिक्रिया की अपेक्षा की है।

माओवादी प्रवक्ता ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में एक बार पुनः स्पेशल जोनल कमेटी के सभी सदस्यों से यह अनुरोध किया है कि इस प्रक्रिया के सुखद अंजाम तक पहुंचने तक तमाम गतिविधियों को विराम दें। साथ ही आवेश अथवा जोश में ऐसी कोई हरकत न करें, जिससे इस प्रक्रिया में कोई व्यवधान उत्पन्न हो।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें