CG : हाथी ने कुचलकर ले ली पति - पत्नी की जान, धान की रखवाली ... - CG Sandesh

CG : हाथी ने कुचलकर ले ली पति - पत्नी की जान, धान की रखवाली कर रहे थे दोनों

सूरजपुर। जिले के ग्राम कपसरा में 28 नवंबर की रात दंतैल हाथी ने खलिहान में धान की रखवाली कर रहे दंपती को कुचलकर मार डाला। दंतैल हाथी प्रतापपुर वन परिक्षेत्र से देर रात सूरजपुर वन परिक्षेत्र में घुसा। हाथी के पहुंचने से बेखबर पति-पत्नी धान की रखवाली के लिए बनाए गए झोपड़ी में सो रहे थे। तभी वहां पहुंचे हाथी ने दोनों को सूंड से उठाकर पटका फिर कुचलकर मार डाला। मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है।

झोपड़ी में सो रहे थे दोनों

सूरजपुर के ग्राम कपरसा के बिसाही पोड़ी निवासी कबिलास राजवाड़े (45 वर्ष) अपनी पत्नी धनियारो (40 वर्ष) के साथ खलिहान में काटकर रखे गए धान की रखवाली के लिए सो रहे थे। शीत एवं सर्द हवाओं से बचने के लिए उन्होंने आम पेड़ के नीचे एक झोपड़ीनुमा झाला बनाया था। दंपती रात में वहीं सोए हुए थे।

 







कुचलकर ले ली जान

28 नवंबर की रात करीब दो बजे दंतैल हाथी कबिलास राजवाड़े के झाले के पास पहुंच गया। हाथी ने बगल में मौजूद अहाते की दीवार को लात मारकर तोड़ दिया। दीवार की ईंटें झाले से टकराई तो दोनों पति-पत्नी झाले से बाहर निकले। जैसे ही वे बाहर आए, उनका सामना दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने दोनों को सूंड से उठाकर पटक दिया और कुचल दिया।

दहशत में लोग

हाथी के गांव में आने पर लोग दहशत में आ गए। तड़के दोनों का शव देखकर सूचना वन विभाग के कर्मियों को दी गई। सूचना पर सूरजपुर रेंजर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।













author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें