CG : 20 दिन बाद भी धान खरीदी का काम शुरू नहीं
सक्ती । डभरा ब्लॉक से बड़ी खबर सिरियागढ़ धान खरीदी केंद्र में खरीदी शुरू होने में अब भी देरी बनी हुई है। धान खरीदी शुरू हुए पूरे 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इस प्रमुख केंद्र में अब तक खरीद का काम शुरू नहीं हो सका।
किसान रोज़ केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं और समर्थन मूल्य पर धान बेचने का इंतज़ार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार यहाँ के खरीदी प्रभारी मेडिकल लीव पर हैं, जिसके कारण प्रक्रिया अटकी हुई है। किसानों ने जब संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, तो सिर्फ सोमवार तक खरीदी शुरू होने का मौखिक आश्वासन दिया गया है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि इस केंद्र में हर साल लगभग 89 से 90 हजार क्विंटल धान खरीदा जाता है। ऐसे में किसानों को चिंता है कि समय पर खरीदी नहीं शुरू हुई तो क्या वे अपना धान बेच पाएँगे और क्या उन्हें उचित मूल्य मिल पाएगा।
किसानों का कहना है कि वे लगातार उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत करा रहे हैं, लेकिन अब तक सिर्फ भरोसा ही मिल रहा है। अब देखना यह है कि सिरियागढ़ केंद्र में खरीदी आखिर कब शुरू होती है।