news-details

4 वर्षीय बच्ची की सरसों के खेत में मिली लाश, दुष्कर्म की आशंका

बिहार : खगड़िया जिले के गंगौर सहायक थाना क्षेत्र में चार साल की एक बच्ची का शव सरसों के खेत से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार, मासूम बच्ची कल से घर से लापता थी। काफी खोजबीन के बाद आज घर से करीब 500 मीटर दूर सरसों के खेत में उसका शव मिला। परिजनों का दावा है कि कुछ दरिंदे बिस्कुट खिलाने के बहाने बच्ची को घर से ले गए, पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर पहचान छिपाने के लिए गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गंगौर थानाध्यक्ष श्याम सुंदर पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है और पुलिस इस बिंदु पर भी गहन जांच कर रही है। बच्ची का शव ड्रोन कैमरे की सहायता से बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


अन्य सम्बंधित खबरें