CG : जेल से छूटने पर शिकायतकर्ताओं से की मारपीट, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
गरियाबंद जिले के दुतकैया गांव में हुई हिंसा के बाद अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस और प्रशासन ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है और बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है।
गरियाबंद जिले के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा है कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसे ध्यान में रखते हुए लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस मामले के मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि गांव में पिछले वर्ष एक मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में ग्रामीणों की शिकायत पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जिसने जेल से छूटने के बाद अपने अन्य साथियों के साथ शिकायत करने वाले लोगों से मारपीट की।
इससे स्थानीय ग्रामीण नाराज हो गए और उन्होंने आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की। स्थिति संभालने मौके पर पहुंचे चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।