छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह
केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सात फरवरी को छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे। अपने प्रवास के दौरान शाह राज्य में आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद की समीक्षा करने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाह सात फ़रवरी की शाम रायपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, जिसमें राज्य से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और सुरक्षा विषयों पर चर्चा की जाएगी।
अगले दिन यानी आठ फरवरी को शाह रायपुर में वामपंथी उग्रवाद पर एक उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी दिन केन्द्रीय गृह मंत्री राष्ट्रीय कॉनक्लेव ‘छत्तीसगढ़ एट द रेट ट्वेंटी फाइव : शिफ्टिंग द लेंस’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अपने प्रवास के तीसरे और अंतिम दिन शाह नौ फ़रवरी को जगदलपुर में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।