news-details

CG : भीषण सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता समेत दो की मौत

कोरबा/बिलासपुर। बिलासपुर के एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक-युवा कांग्रेस नेता और ऑटोमोबाइल एजेंसी मालिक की कोरबा में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष समेत 2 युवक गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में एडमिट किया गया है। घटना कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र की है।

कार बिलासपुर-उरगा भारतमाला नेशनल हाईवे में अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार सभी बिलासपुर से बालको बारात जा रहे थे। कोरबा में एंट्री करते समय वो रास्ता भटक गए और हादसे का शिकार हो गए।

पहली घटना कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, बिलासपुर के एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपनी कार (सीजी 10 बीएफ 9922) में सवार होकर गुरुवार की रात बालको में अपने परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे।

 

उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी के मालिक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल सवार थे। चारों रात करीब 9.30 बजे बिलासपुर के ढेका से निकलकर उरगा पहुंचे थे। इस दौरान कोरबा शहर में प्रवेश करते समय वो रास्ता भटक गए थे।

भारतमाला नेशनल हाईवे अभी निर्माणाधीन है। लिहाजा, उनकी तेज रफ्तार कार हाईवे के आखिर में खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। कार से ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। इस दौरान अनियंत्रित कार गड्ढे में गिरकर तीन बार पलटी मारते हुए सड़क से दूर जा गिरी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल के सिर और सीने में गंभीर चोट आई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे आ रहे दोस्तों ने पुलिस को इस हादसे की जानकारी दिए बिना ही घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज जारी है।

शादी अटेंड कर बालको के लिए हुए थे रवाना

बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को केजीएन अस्पताल में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे से महज 40 मिनट पहले चारों युवक बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां उन्होंने अन्य कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात की।

यहां पार्टी में शामिल होने के बाद वो बालको के लिए रवाना हुए थे। फिलहाल, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच पड़ताल में जुट गई है।


अन्य सम्बंधित खबरें