news-details

4 दोस्तों ने किया जहर सेवन, शादी समारोह में नाचकर कमाते थे पैसे

सहरसा जिले के कनरिया थाना क्षेत्र में चार युवकों ने कीटनाशक दवा का सेवन किया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए पड़ोसी जिले खगड़िया ले जाया गया।

घटना में शामिल युवकों की पहचान कनरिया थाना क्षेत्र के बेलवारा पंचायत, फहरेबा मुसहरी, वार्ड नंबर 4 निवासी राजा कुमार (20), सन्नीदेवल कुमार (18), मुरारी कुमार (18) और सनोज कुमार (18) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद घायल युवकों को खगड़िया जिले के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त शादी-विवाह सहित अन्य समारोहों में नाचकर पैसे कमाते थे। शुक्रवार रात भी ये किसी समारोह से लौटे थे। ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि इन्हें शनिवार को कुछ लोगों ने चिढ़ा दिया कि तुम लोग लिपिस्टिक-काजल लगाकर नाचते हो। इसके बाद आहत होकर चारों ने यह कदम उठाया।

पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि दोपहर में कनरिया थाना अध्यक्ष को सूचना मिली कि चार युवक कीटनाशक जैसे पदार्थ का सेवन कर गंभीर रूप से घायल हैं। इसके बाद घटनास्थल पर एफएसएल टीम, एसडीपीओ और जिला के अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में प्रतीत होता है कि युवकों ने कीटनाशक (इंसेक्टिसाइड्स) का सेवन किया। मामले की पूरी जांच और कारणों का पता लगाया जा रहा है। जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारी संवेदनशीलता के साथ अनुसंधान कर रहे हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य सम्बंधित खबरें