CG : एनीकट में नहाने के दौरान डूबने से दो दोस्तों की मौत, मच... - CG Sandesh

CG : एनीकट में नहाने के दौरान डूबने से दो दोस्तों की मौत, मचा हड़कंप

सूरजपुर। जिले से दुखद खबर सामने आई है। रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में नहाने गए दो नाबालिग छात्र गहरे पानी की चपेट में आ गए। रविवार दोपहर से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

दोस्तों के साथ सैर पर निकले थे छात्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष) और जयनगर के अयान सद्दाम (15 वर्ष) अपने कुछ दोस्तों के साथ रामनगर मोहरा एनीकट घूमने गए थे। पिकनिक के खुशनुमा माहौल के बीच दोनों छात्र नहाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे अचानक डूबने लगे। साथ गए दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस व बचाव दल को सूचना दी गई।

 



शब-ए-बारात के लिए घर लौटा था आदिल

हादसे की खबर ने परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि 12 वर्षीय आदिल अंसारी मनेंद्रगढ़ में अपने नाना-नानी के पास रहकर मदरसे में तालीम ले रहा था। वह शब-ए-बारात का पर्व मनाने के लिए अपने माता-पिता के पास शिवनंदनपुर आया हुआ था, लेकिन किसे पता था कि यह उसकी आखिरी घर वापसी होगी। वहीं, अयान सद्दाम कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था।

20 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

रविवार दोपहर सूचना मिलते ही डीडीआरएफ (DDRF) और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। रविवार देर शाम तक गोताखोरों ने पानी की खाक छानी, लेकिन अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा। सोमवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ दोबारा तलाश शुरू की गई और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के बेजान शरीर पानी से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर एनीकेट और बांधों के पास सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें