news-details

ग्रामीण अंचल तक योजनाओं की जानकारी और पात्रों को लाभ देना हमारी प्राथमिकता -श्रीकांत पाण्डेय

मुंगेली/पथरिया (सोनपुरी)। शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुंचे और पात्र लोगों को उनका पूरा लाभ मिले, यही हमारी प्राथमिकता है। उक्त बातें मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कही। वे महारानी लक्ष्मीबाई शिशु मंदिर स्कूल सोनपुरी (पथरिया) में आयोजित वार्षिक उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजे जाएं, जिन्हें शासन स्तर से स्वीकृत कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि परमेश्वर सिंह ठाकुर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों से बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने ग्राम सोनपुरी में सड़क एवं नाली निर्माण से संबंधित प्रस्ताव भी जिला पंचायत अध्यक्ष के समक्ष रखा।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत मुंगेली के सभापति पवन पाण्डेय ने भी उपस्थित रहकर कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शुभम शर्मा ने किया, वहीं नीलेश ध्रुव का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर आसपास के गांवों से अर्धसैनिक बलों BSF, SSB, CISF एवं CRPF में चयनित जवानों का सम्मान किया गया। साथ ही कक्षा पांचवीं एवं कक्षा आठवीं के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सोनपुरी के सरपंच मनोहर ध्रुव सहित अनेक वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन महारानी लक्ष्मीबाई शिशु मंदिर सोनपुरी एवं शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम महारानी लक्ष्मीबाई शिशु मंदिर के प्रधान पाठक रेशम लाल साहू तथा शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक रोहित ठाकुर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


अन्य सम्बंधित खबरें