news-details

युवती ने इन्स्टाग्राम पर किया ऐसा पोस्ट, 10 मिनट में घर पहुँच गई पुलिस

मेटा कंपनी से मिले अलर्ट के आधार पर पुलिस मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर बिजनौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती की जान बचा ली। 10 फरवरी को बिजनौर के थाना कोतवाली सिटी क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती ने कीटनाशक दवा पीते हुए इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा वीडियो पोस्ट किया था। शाम 7:19 बजे मेटा की ओर से पुलिस महानिदेशक कार्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ईमेल के जरिए अलर्ट मिला। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर तुरंत युवती की लोकेशन ट्रेस की गई और सूचना जनपद बिजनौर पुलिस को दी गई। 

महिला उप निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मात्र 10 मिनट में युवती के घर पहुंच गईं। मौके पर युवती रो रही थी और उल्टियां कर रही थी। पास में कीटनाशक की बोतल पड़ी थी। पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से प्राथमिक उपचार कराया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। युवती ने बताया कि पारिवारिक तनाव और अवसाद के कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग की और भविष्य में ऐसा न करने की सलाह दी। इस पहल से 1 जनवरी से 8 फरवरी तक 2063 लोगों की जान बचाई जा चुकी है।


अन्य सम्बंधित खबरें