मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राज्य वन्य जीव बोर्ड की बैठक संपन्न
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि वन्यजीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और उनके संरक्षण तथा संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सतत निगरानी, अवैध गतिविधियों पर रोक तथा उनकी सुरक्षा के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। आज रायपुर में आयोजित राज्य वन्यजीव बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री ने वनों के संरक्षण के लिए आसपास रहने वाले ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।
उन्होंने न्यूनतम हस्तक्षेप के सिद्धांत को अपनाते हुए जरूरी कामों को वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में बिना किसी छेड़छाड़ के पूरा करने पर बल दिया। बैठक में वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री की अध्यक्षता में राज्य वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई। साथ ही वन्य क्षेत्रों में विकास संबंधी विभिन्न प्रस्तावों का अनुमोदन कर उन्हें राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया।