शिवरीनारायण मेला में लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़
छत्तीसगढ़ का सबसे प्राचीन शिवरीनारायण मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। माघी पूर्णिमा, 1 फरवरी से प्रारंभ हुआ यह विशाल मेला 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर संपन्न होगा। प्रतिदिन मेले में लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र आस्था और उत्साह से सराबोर है। मेले में झूले, मौत का कुआं, टूरिंग टॉकीज और वैष्णो देवी गुफा की आकर्षक झांकियां लोगों को लुभा रही हैं।
वहीं महानदी में बना त्रिवेणी आइलैंड (टापू) विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। श्रद्धालु नौकाविहार के माध्यम से टापू तक पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं। शिवरीनारायण में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी भी कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु और पर्यटक मेले में शामिल होने पहुंच रहे हैं.