सरपंच के खिलाफ एसडीएम और तहसीलदार से की गई शिकायत
1 साल में एक बार भी ग्राम सभा नहीं की गई है आयोजित – उप सरपंच
रायपुर जिले के जनपद पंचायत तिल्दा के ग्राम पंचायत सड्डू के सरपंच के खिलाफ शासकीय भूमि पर स्थित पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में एसडीएम और तहसीलदार से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है.
ग्राम पंचायत सड्डू के उप सरपंच टाकेश्वर निर्मलकर ने अपनी शिकायत में बताया है कि सरपंच नंदु कुमार साहू के द्वारा अपने पद का दुरूपयोग करते हुए शासकीय भूमि (गौठान के पास) पर स्थित पेड़ो की अवैध रूप से कटाई कर बेचा जा रहा है.
उपसरपंच ने बताया कि रोड़ बनाने के लिए जिस जगह का प्रस्ताव पारित किया गया था, उस जगह के बजाय किसी दुसरे जगह रोड़ बनाने की तैयारी चल रही है और वहां स्थित पेड़ों की कटाई की जा रही है. सरपंच के द्वारा लगभग 14 पेड़ों की कटाई करवाकर बेच दिया गया है. पेड़ कटाई के सम्बन्ध में पंचायत में न तो कोई चर्चा की गई है न ही प्रस्ताव हुआ है. पेड़ों की कटाई से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. इसके अलावा यह भी आरोप लगाया गया है कि बीते 1 साल में एक बार भी ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया गया है.
उप सरपंच टाकेश्वर निर्मलकर ने 12 फरवरी को एसडीएम और तहसीलदार से शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की है.