news-details

CG : ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षा में नकल, 6 आरोपी गिरफ्तार

सरोना के परीक्षा केन्द्र का मामला

इंजीनियरिंग में स्नातक योग्यता परीक्षा-गेट में नक़ल कराने की साजिश रचने के मामले में रायपुर पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रायपुर के पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने 15 फरवरी को एक पत्रकारवार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिलाने के लिए नकल कराने की योजना बनाई जा रही है। इसके आधार पर पुलिस की संयुक्त टीम ने सरोना परीक्षा केन्द्र के पास से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि इनमें से तीन छात्र परीक्षा केन्द्र में बैठकर परीक्षा दे रहे थे, जबकि तीन अन्य आरोपी परीक्षा केन्द्र के बाहर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से उन्हें नकल करा रहे थे। गिरफ्तार सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं। इनके पास से ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ नकल कराने से संबंधित सामग्री बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और लोक परीक्षा अनुचित साधन कानून के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.


अन्य सम्बंधित खबरें